एसडीजीआई ग्लोबल यूनिवर्सिटी में निःशुल्क
स्वास्थ्य जांच एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन
गाजियाबाद। एसडीजीआई ग्लोबल यूनिवर्सिटी में सर्वोदय हेल्थकेयर, ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सहयोग से विश्वविद्यालय परिसर स्थित रेखा देवी मेमोरियल हॉस्पिटल में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह पहल विश्वविद्यालय की सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जन-कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता के साथ-साथ निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रही। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रसेनजीत कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. (डॉ.) राजीव रतन, सुभाष शर्मा, मुख्य लेखा अधिकारी तथा स्कूल ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज की निदेशक प्रो. (डॉ.) शालिनी शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रहीं। विश्वविद्यालय प्रबंधन द्वारा सामाजिक रूप से प्रासंगिक एवं विद्यार्थी-केंद्रित स्वास्थ्य पहलों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाता रहा है। शिविर में सर्वोदय हेल्थकेयर की विशेषज्ञ चिकित्सा टीम ने विभिन्न निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर के दौरान प्रतिभागियों की रक्तचाप, रक्त शर्करा, बॉडी मास इंडेक्स , नाड़ी एवं तापमान सहित सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। हृदय रोग विशेषज्ञ द्वारा हृदय स्वास्थ्य, संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि एवं तनाव प्रबंधन के संबंध में परामर्श दिया गया तथा आवश्यकता के अनुसार रक्त परीक्षण (ब्लड टेस्ट) की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। महिला प्रतिभागियों को मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण, रक्ताल्पता, महिला स्वास्थ्य एवं अन्य स्त्री रोग संबंधी विषयों पर विशेषज्ञ परामर्श प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त, चिकित्सा टीम द्वारा स्वच्छता, संतुलित आहार तथा संक्रामक एवं गैर-संचारी रोगों की रोकथाम के संबंध में स्वास्थ्य जागरूकता प्रदान की गई और उपयोगी सूचनात्मक सामग्री वितरित की गई।




