bijnorCrimeuttar pradeshप्रशासनराष्ट्रीय

चोरी के बाद मौके पर मिले चार जिंदा कारतूस

लाखों की चोरी के बाद कारतूस मिलने से उठे सवाल, पुलिस जांच में जुटी

बढ़ापुर, संवाददाता। नगर के मुख्य बाजार में शनिवार को व्यापारी के घर हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में चार जिंदा कारतूस मिलने की चर्चा से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के बाद मौके से मिले बताए जा रहे कारतूसों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

बताया गया कि मोहल्ला बाजार निवासी नीरज अग्रवाल के घर में शनिवार को दिनदहाड़े अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसी दौरान मौके पर चार जिंदा कारतूस पड़े होने की बात सामने आई। कुछ पत्रकारों द्वारा खींचे गए घटनास्थल के फोटो में भी कारतूस दिखाई देने की बात कही जा रही है।

कारतूसों को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह है कि वे मौके पर कैसे पहुंचे। यदि इन्हें चोर छोड़कर गए हैं तो उनके पास कारतूस होने का मकसद क्या था और क्या वे किसी बड़ी वारदात की तैयारी में थे? वहीं, व्यापारी की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में कारतूसों का उल्लेख नहीं किए जाने को लेकर भी चर्चाएं हैं।
घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई।
कारतूसों की बरामदगी की वास्तविकता और उनके मौके पर पहुंचने का कारण पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


कोट —
चोरी के बाद मौके से चोरों के कारतूस छोड़कर जाने की जानकारी नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी। घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।
– केके बिश्नोई, एसपी

Related Articles

Back to top button