bijnoruttar pradeshराजनीति

सुरेश राणा की तुलना चौधरी चरण सिंह से करना

किसान समाज का अपमान, मुख्यमंत्री माफी मांगें : सत्यपाल चौधरी

चांदपुर (बिजनौर)। आज़ाद समाज पार्टी के कोर टीम सदस्य सत्यपाल चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पूर्व राज्यमंत्री सुरेश राणा के कार्यों की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह से किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे किसान समाज का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने इस बयान पर किसान समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा किसान आगामी चुनावों में इसका लोकतांत्रिक जवाब देंगे।

शनिवार को चांदपुर विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सत्यपाल चौधरी ने अकबरपुर सिमरी, बिराल, शादीपुर मिलक सहित आधा दर्जन गांवों में किसानों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह का योगदान भारतीय कृषि, किसानों के अधिकारों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के उत्थान के लिए ऐतिहासिक रहा है। ऐसे व्यक्तित्व की तुलना ऐसे पूर्व राज्यमंत्री से करना, जिनके कार्यकाल को लेकर किसान समाज में व्यापक असंतोष रहा हो, उचित नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सुरेश राणा के कार्यकाल में सहकारी चीनी मिलों की स्थिति और अधिक खराब हुई तथा न्यायालय के आदेशों के बावजूद किसानों को देय ब्याज का भुगतान नहीं किया गया। ऐसे व्यक्ति की तुलना किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह से करना उनके सम्मान और किसान समाज की भावनाओं के विपरीत है।

सत्यपाल चौधरी ने अपने संबोधन में दिल्ली में 13 महीने तक चले किसान आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि आंदोलन के दौरान 700 से अधिक किसानों ने अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चन्द्र शेखर आज़ाद ने पूरे आंदोलन के दौरान किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष किया और किसान हितों की आवाज़ को मजबूती से उठाया।

उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह के बाद महेंद्र सिंह टिकैत और चौधरी अजित सिंह ने किसानों के अधिकारों के लिए उल्लेखनीय संघर्ष किया तथा आज भी किसान हितों की लड़ाई निरंतर जारी है।

इस अवसर पर सत्यपाल चौधरी ने चांदपुर विधानसभा क्षेत्र की विकास संबंधी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बास्टा मार्ग के निर्माण, युवाओं के लिए खेल सुविधाओं के विकास, सड़क संपर्क में सुधार, रेल लाइन के विस्तारीकरण, केंद्रीय विद्यालय तथा सरकारी विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र की लंबे समय से उपेक्षा की जा रही है और अब विकास को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

भ्रमण कार्यक्रम के दौरान ताहिर, राजवीर, रईस अहमद, अनमोल जाट, अंकित चौधरी, अमरपाल सिंह, विराट चौधरी सहित बड़ी संख्या में किसान, स्थानीय नागरिक एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button