लखीमपुर खीरी। ब्लॉक मोहम्मदी के ग्राम सहिजना में बुखार से मौतों की खबर पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया। बुधवार को सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने ग्राम प्रधान करण यादव व स्वास्थ्य टीम के साथ गांव का स्थलीय निरीक्षण किया।
सीएमओ ने बताया कि गांव में तीन मौतों की बात कही जा रही थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत बाहर हुई और वह काफी समय से वहीं रह रहा था। दो अन्य मौतों में 16 दिन का अंतर है। 23 वर्षीय अर्चना की मौत 28 अगस्त को टायफाइड व इंफेक्शन से और 17 वर्षीय प्रतिभा की मौत 13-14 सितंबर की रात एक्यूट एब्डोमेन से प्रथम दृष्टया होना पाया गया। फैलाई जा रही सूचना निराधार है।
निरीक्षण में गांव में कई जगह गंदगी, नालियों से गुजरती पेयजल लाइन और तालाब के पास कचरा मिला। सीएमओ ने डीपीआरओ को फोन कर सफाई, डीएमओ को फॉगिंग और सीएचसी अधीक्षक को डोर-टू-डोर सर्वे व मलेरिया, डेंगू, टायफाइड, जेई की जांच के निर्देश दिए।
गांव में लगे स्वास्थ्य शिविर में 156 लोगों का इलाज व 130 की जांच की गई, जिसमें एक मलेरिया व एक टायफाइड पॉजिटिव मिला। क्लोरीन की गोलियां बांटी गईं। गुरुवार को भी शिविर जारी रहेगा।




