bareillyuttar pradeshराजनीतिराष्ट्रीय

सीएम-ग्रिड योजना: 212 अतिक्रमणकारियों को नोटिस,

 15 दिन में हटाना होगा कब्जा

बरेली। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम-ग्रिड) फेज-3 के तहत ईंट पजाया चौराहे से महर्षि चौक तक सड़क चौड़ीकरण की तैयारी तेज हो गई है। नगर निगम ने सड़क की जद में आने वाले 212 अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर 15 दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। संबंधित भवनों और दुकानों पर लाल निशान भी लगाए गए हैं।
नगर निगम की ओर से अभियान चलाकर सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले अतिक्रमणों को चिह्नित किया गया था। अधिकारियों के मुताबिक सड़क चौड़ी होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। नोटिस की अवधि पूरी होने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नगर निगम की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने निर्माण विभाग, मानचित्रकार और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले भवनों का दोबारा परीक्षण कराने को कहा गया है, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी तरह की असमंजस की स्थिति न रहे।

सड़क निर्माण में यूटिलिटी शिफ्टिंग पर भी जोर

लखनऊ में बुधवार को प्रदेश के नगर निगमों की बैठक और कार्यशाला में शहरी सड़कों व बुनियादी ढांचे को आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित करने पर मंथन हुआ। बरेली नगर निगम की ओर से भी भविष्य की विकास योजनाओं का प्रस्तुतिकरण किया गया। मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी और नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने शहर के विकास कार्यों व आगामी परियोजनाओं की रूपरेखा रखी।
बैठक में सड़क निर्माण के साथ विद्युत लाइनों, ऑप्टिकल फाइबर और अन्य उपयोगिता सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय, जल निकासी व्यवस्था, आधुनिक फुटपाथ और नागरिक सुविधाओं को शामिल करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने सड़कों को टिकाऊ बनाने और बार-बार होने वाली खोदाई से बचने के लिए आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर भी चर्चा की।

 

 

Related Articles

Back to top button