तौकीर के परिवार से मिले अजय राय, हर संभव मदद का भरोसा
बरेली। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बुधवार रात बरेली पहुंचे और जेल में बंद मौलाना तौकीर के स्वजन से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को मुश्किल की इस घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। अजय राय ने फरमान रजा खान से तौकीर की जमानत प्रक्रिया की अद्यतन स्थिति की जानकारी भी ली।
मुलाकात के दौरान अजय राय ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार मनमानी कर रही है और उसके विरुद्ध बोलने वालों पर मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस भाजपा सरकार के कथित झूठ को जनता के सामने रखेगी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में युवा और किसान परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि दोनों वर्गों की समस्याएं किसी से छिपी नहीं हैं। इससे पहले रात करीब साढ़े नौ बजे बदायूं रोड स्थित रामगंगा तिराहे पर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष दिनेश दददा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने अजय राय का स्वागत किया। इस दौरान प्रेम प्रकाश अग्रवाल, पंडित राज शर्मा मौजूद रहे।




