GhaziabadMuradnagaruttar pradesh

आई.टी.एस. स्कूल ऑफ मैनेजमेंट में “एस्पिरेशन्स 2026” का शुभारंभ

उद्योग जगत के दिग्गजों ने दिए सफलता के मंत्र

गाज़ियाबाद। आई.टी.एस. स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, मोहन नगर, गाज़ियाबाद में पीजीडीएम (2026–28) के 31वें बैच के स्वागत हेतु आयोजित पाँच दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम “एस्पिरेशन्स 2026” का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके पश्चात संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय कुमार ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें आत्मविश्वास, चरित्र, प्रभावी संवाद, सहयोग तथा निरंतर सीखने की भावना को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने संस्थान की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा, सशक्त प्लेसमेंट रिकॉर्ड एवं मूल्य-आधारित शिक्षण संस्कृति पर भी प्रकाश डाला।
डॉ. डी.के. पाण्डेय, चेयरपर्सन – पीजीडीएम ने विद्यार्थियों को ओरिएंटेशन कार्यक्रम के प्रत्येक सत्र में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया, जबकि श्री सुरेन्द्र सूद, निदेशक – जनसंपर्क, आई.टी.एस. द एजुकेशन ग्रुप ने युवाओं से रोजगार खोजने के बजाय रोजगार सृजित करने वाला दृष्टिकोण विकसित करने का आह्वान किया।
उद्घाटन सत्र में देश के प्रतिष्ठित कॉर्पोरेट जगत के वरिष्ठ विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को सफलता के महत्वपूर्ण सूत्र प्रदान किए। श्री राजीव कुमार गुप्ता, ग्रुप प्रेसिडेंट, पीबी फिनटेक (पॉलिसीबाज़ार एवं पैसाबाज़ार) ने ईमानदारी, मजबूत प्रोफेशनल नेटवर्क और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के प्रभावी उपयोग को सफलता की आधारशिला बताया। श्री नारायण जी, चीफ जनरल मैनेजर, हीरो साइकिल्स लिमिटेड ने सकारात्मक दृष्टिकोण, जिम्मेदारी और व्यक्तिगत ब्रांडिंग के महत्व पर प्रकाश डाला।
इसी क्रम में श्री विनय आनंद, वाइस प्रेसिडेंट – स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप्स एंड एलायंसेज़, ईएक्सएल ने बदलते व्यावसायिक परिवेश में अनुकूलन क्षमता और आजीवन सीखने को सफलता की कुंजी बताया। श्री धीरज त्रिपाठी, संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, ऑटोब्रिज ने “Purpose, People & Principles” को प्रभावी नेतृत्व का मूल मंत्र बताया, जबकि श्री राजेश त्रिपाठी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, रेटिनाएचआर प्राइवेट लिमिटेड ने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के साथ-साथ ह्यूमन इंटेलिजेंस विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन सत्र अत्यंत प्रेरणादायी एवं संवादात्मक रहा। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों के अनुभवों से कॉर्पोरेट जगत की अपेक्षाओं, नेतृत्व कौशल, नवाचार, नैतिक मूल्यों तथा भविष्य की चुनौतियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। यह सत्र उनके व्यावसायिक विकास एवं सफल प्रबंधकीय करियर की दिशा में एक सशक्त शुरुआत सिद्ध हुआ।

Related Articles

Back to top button