सेक्टर-5 का नया रेरा पंजीकरण जारी
जल्द शुरू होगा भूखंडों का पंजीकरण
बरेली। ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के सेक्टर-5 को नई गति मिली है। करीब दो वर्षों से लंबित प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सेक्टर-5 का नया रेरा पंजीकरण जारी कर दिया गया है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही यहां आवासीय भूखंडों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के अन्य सेक्टरों का रेरा पंजीकरण दिसंबर 2024 में जारी हुआ था। इसके बाद परियोजना से संबंधित प्रशासनिक, तकनीकी और वित्तीय प्रक्रियाएं विभिन्न स्तरों पर लंबित थीं। बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने कार्यभार संभालने के बाद परियोजना को प्राथमिकता देते हुए पिछले करीब ढाई माह में लगातार समीक्षा की और लंबित प्रकरणों को निस्तारित कराया।
रेरा पंजीकरण जारी होने के बाद सेक्टर-5 में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। प्राधिकरण का कहना है कि योजना के विस्तार से नागरिकों को आधुनिक और सुविधायुक्त आवासीय क्षेत्र में घर बनाने का विकल्प मिलेगा। साथ ही शहर के सुनियोजित विस्तार को भी गति मिलेगी।
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने बताया कि सेक्टर-5 के रेरा पंजीकरण से जुड़े तकनीकी और प्रशासनिक विषयों का टीम ने प्राथमिकता से समाधान किया है। दस्तावेजों की समयबद्ध तैयारी और लगातार समीक्षा के बाद पंजीकरण जारी हुआ है। अब सेक्टर-5 के विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाते हुए जल्द ही नागरिकों के लिए भूखंडों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू करने का लक्ष्य है।




