हादसाः लोडेड ट्रक का स्टेयरिंग फेल, टेंकर से टकराया, चालक घायल
केबिन में फंसे ट्रक चालक को राहगीरों ने सीट तोड़कर निकाला
-राहगीरों ने चालक को कराया अस्पताल में भर्ती
-ट्रक में खाद लेकर गोदाम जा रहा था चालक
-टेंकर खाली होने के चलते बड़ा हादसा टला

बिजनौर। नगीना रोड पर आईटीआई के सामने रविवार दोपहर स्टेयरिंग फेल होने से खाद से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर एक टैंकर से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक केबिन में फंस गया। राहगीरों ने काफी मशक्कत के बाद केबिन की सीट तोड़कर चालक को बाहर निकाला और प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। संयोगवश टैंकर खाली होने के कारण बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार ट्रक चालक रूपेन्द्र सिंह पुत्र सूरज सिंह निवासी ग्राम नवादा थाना हल्दौर खाद लेकर एक गोदाम पर माल उतारने जा रहा था। इसी दौरान नगीना रोड स्थित आईटीआई के सामने अचानक ट्रक का स्टेयरिंग फेल हो गया। चालक ने वाहन पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया, लेकिन ट्रक सामने से आ रहे टैंकर से टकरा गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक रूपेन्द्र को केबिन में बुरी तरह फंस गया। मौके पर जुटे राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू करते हुए सीट तोड़कर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे उपचार के लिए एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया। जबकि टेंकर चालक के कोई चोट नहीं आई है।
हादसे के चलते कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आबकारी चौकी प्रभारी राहुल गंगवार ने बताया कि घायल चालक को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात सुचारू कराया है।




