Ghaziabaduttar pradeshराष्ट्रीय

अंबेडकर पार्क में बीयर की कैन और शराब की बोतलें, सुरक्षा रामभरोसे!

गाजियाबाद। नवयुग मार्केट स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क की बदहाली सामने आने के बाद पार्क की सुरक्षा और रखरखाव पर सवाल खड़े हो गए हैं। 22 अक्टूबर की शाम करीब साढ़े सात बजे बनाए गए एक वीडियो में पार्क परिसर और अंबेडकर पुस्तकालय के आसपास शराब की बोतलें, बीयर की कैन और गुटखे बिखरे दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय युवक राजकुमार ने वीडियो के जरिए नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए पार्क की मौजूदा स्थिति को लेकर नाराजगी जताई है। अंबेडकर पुस्तकालय के बराबर में रखी बेंचों के आसपास भी गंदगी दिखाई दे रही है। वीडियो में बीयर की कैन, शराब की बोतल और पानी की खाली बोतलें नजर आ रही हैं। स्थानीय युवक का आरोप है कि पुस्तकालय बनाया तो गया, लेकिन उसके आसपास साफ-सफाई और निगरानी की उचित व्यवस्था नहीं है। युवक के मुताबिक पार्क में पुलिस की ड्यूटी लगाने की बात कही गई थी, लेकिन शुरुआती दो दिनों के बाद पुलिस की मौजूदगी दिखाई नहीं दी। पार्क में पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। ऐसे में यहां घूमने आने वाली महिलाओं और अन्य लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है। मामले का एक संवेदनशील पहलू बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर कपड़ा ढका होना भी है। स्थानीय युवक राजकुमार का दावा है कि कुछ दिन पहले किसी असामाजिक तत्व ने प्रतिमा को खंडित करने का प्रयास किया था और वहां सब्जी फेंकी गई थी। स्थानीय लोगों ने पार्क की बदहाली पर नाराजगी जताते हुए नगर निगम और संबंधित समिति से सफाई, पर्याप्त लाइटें, नियमित निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। अब सवाल यह है कि संबंधित अधिकारी पार्क की स्थिति का निरीक्षण कर व्यवस्था सुधारने के लिए क्या कदम उठाते हैं।

Related Articles

Back to top button