ओवरहेड टैंक के सुरक्षाकर्मी की गला काटकर हत्या, गांव में मचा हड़कंप
बरेली। भमोरा थाना क्षेत्र में रविवार रात ओवरहेड टैंक की सुरक्षा में तैनात 55 वर्षीय बलराम दीक्षित की हत्या कर दी गई। उनका शव ओवरहेड टैंक की बाउंड्री के पास मिला। वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
जानकारी के मुताबिक, गांव डपटा श्यामपुर निवासी बलराम दीक्षित पुत्र नाथू लाल दीक्षित गांव से करीब एक किलोमीटर दूर पश्चिम दिशा में बने ओवरहेड टैंक की सुरक्षा करते थे। रविवार रात वह वहां अकेले थे। बताया गया कि वह अपने भतीजे आशुतोष के साथ रहते थे और आमतौर पर दोनों साथ में सोते थे। रविवार को भतीजे को बुखार होने के कारण वह घर पर ही रुक गया था।
इसी दौरान रात में ओवरहेड टैंक की बाउंड्री के पास बलराम दीक्षित की हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस रंजिश और लूटपाट समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या की वजह और वारदात में शामिल लोगों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




