वायरल बयान पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की सफाई
बोले- ई-रिक्शा नहीं, भारत टैक्सी की बात की थी
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपने हालिया वायरल बयान को लेकर सफाई दी। गांधी जयंती पर गाजियाबाद पहुंचे डिप्टी सीएम से पत्रकारों ने उनके उस बयान को लेकर सवाल किया, जिसमें युवाओं को रोजगार के लिए ई-रिक्शा चलाने की सलाह देने की बात सामने आई थी। ब्रजेश पाठक ने कहा कि उनका पूरा बयान देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा मैं ई-रिक्शा नहीं, भारत टैक्सी की बात कर रहा था। मेरे बयान को विपक्ष ने तोड़-मरोड़कर पेश किया है। पत्रकारों ने जब वीडियो में ई-रिक्शा का जिक्र होने को लेकर दोबारा सवाल किया तो डिप्टी सीएम ने कहा कि मूल वीडियो देखिए। उन्होंने बताया कि वह भारत टैक्सी के कार्यक्रम में युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की बात कर रहे थे। उनके मुताबिक भारत टैक्सी सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की योजना है, जिसमें टैक्सी मालिक ही सारथी या चालक बन सकता है। बृजेश पाठक ने कहा कि भारत टैक्सी से जुड़ने वालों को संस्था में साझेदारी और शेयर धारक बनने का अवसर भी मिलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बयान को विपक्ष ने गलत तरीके से प्रस्तुत किया है और कहा कि मूल वीडियो देखने पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।




