bareillyuttar pradeshप्रशासनराष्ट्रीय

करोड़ों की पार्किंग, फिर भी सड़कों पर वाहन

चार मल्टीलेवल पार्किंग में तीन का संचालन शुरू नहीं, शहर में जाम से लोग परेशान

बरेली। शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़कों से वाहनों का दबाव कम करने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई गईं मल्टीलेवल पार्किंग अब भी पूरी तरह उपयोग में नहीं आ पा रही हैं। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से चार स्थानों पर पार्किंग तैयार की गईं, लेकिन इनमें से तीन का संचालन अब तक शुरू नहीं हो सका है। नतीजतन, पार्किंग की सुविधा होने के बावजूद लोग सड़क किनारे वाहन खड़े करने को मजबूर हैं और व्यस्त बाजारों में जाम की समस्या बनी हुई है।
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत कुतुबखाना, गांधी उद्यान, डीडीपुरम और संजय कम्युनिटी हॉल में मल्टीलेवल पार्किंग बनाई गई हैं। कुतुबखाना पार्किंग का संचालन नगर निगम कर रहा है, जबकि गांधी उद्यान, डीडीपुरम और संजय कम्युनिटी हॉल की पार्किंग अभी शुरू नहीं हो सकी हैं। निगम की ओर से इनके संचालन के लिए कई बार टेंडर निकाले गए, लेकिन एजेंसी नहीं मिल सकी।

240 कारों की क्षमता, फिर भी सड़क पर कब्जा

चारों पार्किंग में करीब 240 कारें खड़ी करने की क्षमता है। कुतुबखाना में 90, गांधी उद्यान में 30, डीडीपुरम में 60 और संजय कम्युनिटी हॉल में 60 कारों की पार्किंग हो सकती है। इसके बावजूद गांधी उद्यान, डीडीपुरम समेत प्रमुख बाजारों में सड़क किनारे वाहन खड़े होने से यातायात प्रभावित हो रहा है।
पार्किंग का संचालन नहीं होने से नगर निगम को राजस्व का भी नुकसान हो रहा है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक बंद पड़ी पार्किंग से करीब 27 लाख रुपये सालाना राजस्व प्रभावित होने की बात सामने आई है। वहीं, निजी पार्किंग में मनमाने शुल्क की शिकायतें भी सामने आती रही हैं।

तीन पार्किंग के लिए फिर निकलेगा टेंडर

कुतुबखाना पार्किंग का ठेका लेने वाली निजी फर्म द्वारा बकाया जमा नहीं करने पर करीब तीन महीने पहले उसका टेंडर निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद नगर निगम ने इसका संचालन अपने स्तर से शुरू किया। अब अन्य तीन पार्किंग के संचालन के लिए नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि कुतुबखाना पार्किंग का संचालन नगर निगम की ओर से किया जा रहा है। अन्य पार्किंग के संचालन के लिए जल्द नए सिरे से टेंडर निकाले जाएंगे, ताकि उन्हें भी शुरू कराया जा सके। उन्होंने कहा कि शहर में अवैध पार्किंग और जाम की समस्या से निपटने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button