bareillyuttar pradeshप्रशासनराजनीतिराष्ट्रीय

शिक्षक एमएलसी चुनाव का बिगुल बजा

भाजपा से हरि सिंह ढिल्लो और सपा से दानिश अख्तर मैदान में

बरेली। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक खंड निर्वाचन क्षेत्र में एमएलसी चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंडलायुक्त शंभू कुमार की ओर से चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा ने मौजूदा एमएलसी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो को दोबारा प्रत्याशी बनाया है, जबकि समाजवादी पार्टी ने बिजनौर निवासी शिक्षक दानिश अख्तर को मैदान में उतारा है। दोनों दलों की ओर से शिक्षक मतदाताओं से संपर्क का सिलसिला शुरू हो गया है।
बरेली-मुरादाबाद शिक्षक खंड निर्वाचन क्षेत्र में बरेली मंडल के बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं के अलावा मुरादाबाद मंडल के मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर, संभल और अमरोहा जिले शामिल हैं। इस चुनाव में कुल 46,699 शिक्षक मतदाता पंजीकृत हैं। पिछले चुनाव की तुलना में इस बार करीब 10 हजार नए मतदाता जुड़े हैं।
भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो अमरोहा के रहने वाले हैं और पिछले चुनाव में भाजपा के टिकट पर शिक्षक सीट से एमएलसी निर्वाचित हुए थे। पार्टी ने इस बार भी उन्हें प्रत्याशी बनाया है।
वहीं, सपा प्रत्याशी दानिश अख्तर बिजनौर के कीरतपुर स्थित इंटर कॉलेज में शिक्षक हैं। वह इससे पहले भी शिक्षक एमएलसी चुनाव लड़ चुके हैं। पिछली बार उन्होंने ऑल टीचर्स एम्प्लाई वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले चुनाव लड़ा था। इस बार सपा ने उन्हें अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है।
चुनाव में नौ जिलों के शिक्षक मतदाता मतदान करेंगे। आगामी 23 अक्टूबर को मतदान प्रस्तावित है। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही दोनों प्रमुख दलों ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। शिक्षक संगठनों और मतदाताओं के बीच भी चुनाव को लेकर गतिविधियां बढ़ने लगी हैं।

Related Articles

Back to top button