बूथ-बूथ 41 जातियों का हिसाब जुटा रही सपा
आंवला में सामने आया जातीय आंकड़ों का खाका
बरेली। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने बूथ स्तर पर जातीय आंकड़े जुटाने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के बूथों पर मतदाताओं का 41 जातियों के आधार पर विवरण तैयार कराया है। आंवला विधानसभा क्षेत्र में तैयार आंकड़ों में मुस्लिम मतदाता सबसे अधिक हैं, जबकि लोधी, जाटव, यादव और मौर्य मतदाताओं की संख्या भी उल्लेखनीय है।
पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा मतदाता सूची के आधार पर तैयार किए गए आंकड़ों के अनुसार आंवला विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,96,750 मतदाता हैं। इनमें मुस्लिम मतदाताओं की संख्या 73,640, लोधी 43,707, जाटव 30,819, यादव 26,014, मौर्य 23,706, ठाकुर 20,926, कश्यप 13,600 और ब्राह्मण मतदाताओं की संख्या 13,477 बताई गई है।
इसके अलावा पाल (पाली) 7,865, धोबी 6,439, वैश्य 5,660, वाल्मीकि 4,934, प्रजापति 4,932, बढ़ई 3,757, नाई (सविता) 3,537, कोरी 2,725, भुर्जी 1,652, डलेरे 1,548, गुर्जर 1,277 और कायस्थ 1,135 मतदाता बताए गए हैं। अन्य जातियों में नट, पासी, गोस्वामी, माली, खटिक, सिख, जाट, रस्तोगी, धुना, पटवा, लोहार, ईसाई, बैरागी, गिहार, मीणा, बंगाली और छीपी समाज के मतदाता शामिल हैं।
एक बूथ का उदाहरण भी सामने आया
आंवला के सिरौली स्थित बूथ संख्या छह पर कुल 934 मतदाता बताए गए हैं। इनमें मुस्लिम 359, वाल्मीकि 222, प्रजापति 133, मौर्य 100, जाटव 70, यादव 42, नट तीन और छीपी जाति के पांच मतदाता दर्ज किए गए हैं।
सपा के अनुसार इसी तरह सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथवार जातीय विवरण तैयार कराया गया है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में करीब 50 पदाधिकारियों को लगाकर आंकड़ों का सत्यापन कराया गया। जहां सूची में कमियां मिली हैं, वहां दोबारा सत्यापन कराकर उन्हें दुरुस्त किया जा रहा है।
सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव के मुताबिक अब तक विधानसभा स्तर पर बूथवार जातीय मतदाताओं का इस तरह का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था। मतदाता सूची को आधार बनाकर पार्टी की टीम ने यह रिकॉर्ड तैयार कराया है। उनका कहना है कि इस प्रयोग से चुनावी तैयारियों में मदद मिलने की उम्मीद है।




