रामगंगा की कटान से पुल के पास धंसी सड़क, आवागमन बंद
बरेली/मीरगंज। रामगंगा नदी में तेज बहाव और कटान के चलते गोरालोकनाथपुर पुल के पास सड़क का करीब दस फीट हिस्सा बुधवार तड़के धंस गया। सड़क धंसने से मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया। गनीमत रही कि घटना के समय सड़क पर कोई वाहन या राहगीर नहीं था।
सड़क धंसने की सूचना मिलते ही प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों में खलबली मच गई। उपजिलाधिकारी मीरगंज निधि शुक्ला, एडीएम एफआर संतोष बहादुर सिंह और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। हादसे की आशंका को देखते हुए पुल के दोनों छोरों पर पुलिस पिकेट तैनात कर दी गई है।
ग्रामीणों के अनुसार रामगंगा नदी के तेज बहाव के कारण कई दिनों से सड़क किनारे की मिट्टी लगातार खिसक रही थी। नदी में बढ़ती कटान के चलते सड़क का बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। मार्ग बंद होने से आसपास के कई गांवों के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। यह सड़क नल नगरिया से आंवला के गौरीशंकर गुलड़िया होते हुए बदायूं जिले तक जाती है।
पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के अनुसार मार्ग को सुरक्षित और दुरुस्त कराने के लिए मौके पर जेसीबी मशीन बुला ली गई है। सड़क पर मिट्टी डालकर फिलहाल रास्ते को दुरुस्त करने के प्रयास किए जाएंगे। अधिकारियों ने लोगों से मार्ग पर जाने से बचने की अपील की है।




