bijnorCrimeuttar pradeshराष्ट्रीय

हनीट्रैप : बालिग युवतियों को दस्तावेजों में नाबालिग बना देता था गिरोह

पॉक्सो की धारा लगवाने के लिए फर्जी आधार कार्ड और मार्कशीट बनवाने का आरोप

बिजनौर। हनीट्रैप गिरोह की जांच में पुलिस को दस्तावेजों में उम्र बदलकर लोगों को गंभीर मुकदमों में फंसाने की बात भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, गिरोह से जुड़ी महिलाएं बालिग होने के बावजूद फर्जी आधार कार्ड और मार्कशीट के जरिए खुद को नाबालिग दर्शाती थीं। इसके बाद संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमे में पॉक्सो की धाराएं लगवाने का प्रयास किया जाता था।
पुलिस की जांच में चार महिलाओं के पास से 13 फर्जी आधार कार्ड बरामद होने का दावा किया गया है। पुलिस के अनुसार, इन दस्तावेजों में उम्र से संबंधित जानकारी बदली गई थी। जांच में यह भी सामने आया है कि फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर दुष्कर्म के मामलों में युवतियों की उम्र कम दर्शाई जाती थी, ताकि मुकदमे में पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी जा सकें। मामले में पुलिस फर्जी दस्तावेज तैयार करने और इस्तेमाल करने की धाराएं भी बढ़ा चुकी है।

बब्बू लंगड़ा के आलीशान मकान की भी चर्चा
जांच के दौरान गिरोह के सरगना बताए जा रहे जुल्फिकार उर्फ बब्बू लंगड़ा की संपत्तियों और उसकी गतिविधियों को लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार, बब्बू लंगड़ा का एक आलीशान मकान है। वहीं, गिरोह से जुड़े बताए जा रहे दिलशाद के होटल संचालन की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस इन संपत्तियों और उनकी आय के स्रोत की भी पड़ताल कर रही है।

Related Articles

Back to top button