हनीट्रैप : गिरोह की चार महिलाएं गिरफ्तार, 13 फर्जी आधार कार्ड बरामद
बब्बू लंगड़ा गिरोह से जुड़ी होने का पुलिस का दावा
-झूठे दुष्कर्म के मुकदमों में फंसाकर समझौते के नाम पर रकम मांगने का आरोप
-नजीबाबाद थाने में दर्ज चार मुकदमों की विवेचना में सामने आई गिरोह की महिला सदस्य
बिजनौर। झूठे और सामूहिक दुष्कर्म के मुकदमों में लोगों को फंसाकर समझौते के नाम पर रकम वसूलने के आरोपों की जांच कर रही नजीबाबाद पुलिस ने चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 13 फर्जी आधार कार्ड बरामद करने का दावा किया है।
शनिवार को पुलिस लाइन के सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए एएसपी गौतम राय ने बताया कि मौहम्मद आसिम, साहिल, मुराद खान और नवाब ने नजीबाबाद थाने में अलग-अलग प्रार्थना पत्र दिए थे। इनमें जुल्फिकार उर्फ बब्बू लंगड़ा, दिलशाद और अन्य लोगों पर षड्यंत्र कर झूठे दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म के मुकदमे दर्ज कराने तथा बाद में समझौते के नाम पर रकम मांगने के आरोप लगाए गए थे। पुलिस ने चारों शिकायतों के आधार पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं।
13 फर्जी आधार कार्ड के साथ पकड़ीं चार महिलाएं
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शायमा, अन्तिमा, शहाना परवीन और सानिया को गिरफ्तार किया। चारों बिजनौर शहर क्षेत्र की काशीराम कॉलोनी और चाहशीरी क्षेत्र की रहने वाली हैं। पुलिस के अनुसार, इनके कब्जे से 13 फर्जी आधार कार्ड बरामद हुए हैं।
विवाद और रंजिश की जानकारी जुटाकर बनाते थे दबाव
एएसपी गौतम राय ने बताया कि गिरोह से जुड़े लोग अलग-अलग व्यक्तियों के आपसी विवाद, पुरानी रंजिश और अन्य मामलों की जानकारी जुटाते थे। इसके बाद संबंधित लोगों पर दबाव बनाया जाता था। आरोप है कि समझौते के नाम पर रकम और अन्य लाभ की मांग की जाती थी। मांग पूरी नहीं होने पर महिलाओं और अन्य सहयोगियों के माध्यम से गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज कराने या न्यायालय में परिवाद दाखिल कराने का प्रयास किया जाता था।
पहले से तय होता था घटनाक्रम
पुलिस की संयुक्त पूछताछ में गिरफ्तार महिलाओं ने कथित तौर पर बताया कि पहले से चिन्हित व्यक्तियों के खिलाफ घटनाक्रम तैयार किया जाता था। इसके बाद तय कहानी के अनुसार घटनास्थल और आरोप तय कर पुलिस को सूचना देने तथा न्यायालय में धारा 156(3) सीआरपीसी के तहत परिवाद दाखिल कराने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, ऐसे मामलों में दुष्कर्म, सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट जैसी गंभीर धाराओं का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी भी विवेचना में सामने आई है।
कई जिलों में मुकदमे और परिवाद की जानकारी मिली
पुलिस का कहना है कि अब तक की विवेचना में गिरोह से जुड़े लोगों के खिलाफ बिजनौर समेत विभिन्न जिलों में कई मुकदमे और न्यायालय में परिवाद दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन मामलों की भी पड़ताल कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।
पहले सात आरोपी जा चुके हैं जेल
पुलिस के मुताबिक, हनीट्रैप से जुड़े प्रकरण में जुल्फिकार उर्फ बब्बू लंगड़ा, अफजाल, गुड्डी, कुन्ती, प्रीति, पीएसी जवान मोहम्मद आसिफ और झालू का प्रॉपर्टी डीलर दिलशाद को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब चार महिलाओं और एक युवक की गिरफ्तारी के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 12 हो गई है।
बब्बू लंगड़ा गिरोह से जुड़े किरतपुर निवासी एक युवक को और नजीबाबाद पुलिस ने बिजनौर निवासी चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस महिलाओं का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के जल्द प्रयास किए जा रहे है।
-गौतम राय एएसपी




