भारत-नेपाल सीमा पर SSB को बड़ी सफलता
585 किलो यूरिया के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, 4 बाइक जब्त
लखीमपुर-खीरी। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (SSB) की तृतीय वाहिनी को बड़ी सफलता मिली है।
तृतीय वाहिनी के कमांडेंट प्रमोद देवरानी के मार्गदर्शन और खखरौला कंपनी के कंपनी कमांडर निरीक्षक सुभाष कुमार के नेतृत्व में सीमा चौकी खखरौला और रननगर की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 708 से करीब 800 मीटर भारतीय सीमा के भीतर घेराबंदी की। इसी दौरान भारत से नेपाल की ओर जा रही चार संदिग्ध मोटरसाइकिलों को रोका गया, जिन पर यूरिया की बोरियां लदी थीं।
इतना माल बरामद –
– अवैध यूरिया: 13 बोरी, कुल 585 किलो (45 किलो प्रति बोरी)
– जब्त वाहन: 4 मोटरसाइकिलें
1. सुपर स्प्लेंडर – UP 31 CP 1484
2. टीवीएस स्टार सिटी – HP 17B 8513
3. बजाज CT 100 – UP 77C 8273
4. हीरो स्प्लेंडर – UP 43 F 8894 (मौके पर छोड़कर तस्कर फरार)
पूछताछ में तस्करों ने कबूला कि वे यूरिया को नदी के रास्ते नेपाल ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे। कार्रवाई के दौरान अंधेरे और गन्ने के खेत का फायदा उठाकर एक तस्कर बाइक छोड़कर भाग गया।
SSB टीम ने मौके पर जब्ती और गिरफ्तारी मेमो तैयार कर पकड़े गए तस्करों व जब्त सामान को आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय तिकोनिया को सौंप दिया है।




