क्लब जाने का शौक पूरा करने के लिए पड़ोसी के घर में चोरी, दो भाई गिरफ्तार
गाजियाबाद के टीला मोड़ में चोरी का खुलासा, सोने का हार और नकदी बरामद
गाजियाबाद। क्लब जाने का शौक पूरा करने के लिए दो भाइयों ने पड़ोसी के फ्लैट को निशाना बना डाला। टीला मोड़ थाना पुलिस ने फ्लैट में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख रुपये कीमत का सोने का गले का हार और 5 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, तुलसी निकेतन निवासी हैदर अब्बास परिवार के साथ गांव गए हुए थे। इसी दौरान उनके फ्लैट का ताला खोलकर अलमारी से करीब ढाई से तीन लाख रुपये और सोने का हार चोरी कर लिया गया था।
जांच के दौरान पुलिस को पड़ोस में रहने वाले इमरान और उसके छोटे भाई रिहान उर्फ बाबू पर शक हुआ। सीसीटीवी फुटेज, मैनुअल इनपुट और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों को तुलसी निकेतन पशु चिकित्सालय, भोपुरा के पास से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में सामने आया चौंकाने वाला कारण
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों को क्लब जाने का शौक था और इसी शौक को पूरा करने के लिए उन्होंने पड़ोसी के फ्लैट में चोरी की थी। चोरी किए गए पैसों में से अधिकांश रकम दोनों अपने शौक में खर्च कर चुके थे। पुलिस ने उनके पास से चोरी की रकम में से 5 हजार रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सोने का हार भी बरामद किया है। मामले में पहले दर्ज धारा 305(ए) बीएनएस के मुकदमे में धारा 317(2)/331(4) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।




