अरिल नदी हादसा: अरिल नदी में बहे तीनों युवकों के शव बरामद
रेस्क्यू अभियान हुआ पूरा
15 घंटे की मशक्कत के बाद दो शव मिले, तलाश जारी रहने के बाद तीसरे युवक का शव भी बरामद
बरेली/आंवला। आंवला क्षेत्र में अरिल नदी में बाइक समेत बहे तीनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। करीब 15 घंटे तक चले सघन रेस्क्यू अभियान के बाद गोताखोरों को एक-एक कर तीनों युवकों के शव बरामद करने में सफलता मिली। हादसे के बाद से ही पुलिस-प्रशासन और बचाव दल लगातार नदी में तलाश अभियान चला रहे थे।
बताया गया कि सोमवार शाम डरुआपुर गांव के पास रपटा पुल पार करते समय तेज बहाव के कारण बाइक नदी की धार में फिसल गई थी। बाइक पर सवार तीन युवक नदी में बह गए। लगातार बारिश के चलते अरिल नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और रपटा पुल के ऊपर करीब डेढ़ से दो फीट पानी बह रहा था।
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी की। नौ गोताखोरों की टीम ने घटनास्थल के आसपास करीब 250 मीटर के दायरे में सघन तलाशी अभियान चलाया।
बरामद शवों की पहचान प्रेम, विष्णु स्वरूप और नितिन के रूप में की गई है। तीनों युवक आंबेडकर नगर वार्ड, विसारतगंज के निवासी बताए गए हैं। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




