bareillyuttar pradeshराष्ट्रीय

रामगंगा के तेज कटान की चपेट में कपूरपुर का प्राचीन मंदिर

दो पिलर और लिंटर का हिस्सा नदी में समाया

बरेली/मीरगंज। रामगंगा नदी के तेज कटान ने कपूरपुर क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है। नदी किनारे स्थित देवी मंदिर लगातार कटान की चपेट में आ रहा है। हालात यह हैं कि मंदिर के दो पिलर और लिंटर का कुछ हिस्सा नदी में समा चुका है। मंदिर के मुख्य हिस्से पर भी खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, नदी कई दिनों से मंदिर के बेहद करीब कटान कर रही है। इससे पहले मंदिर का एक कोना और परिसर का शौचालय भी क्षतिग्रस्त हो चुका है। बाढ़ खंड की टीम कटान रोकने के लिए ईसी बैग में ईंट-रोड़ा भरकर लगाने तथा अन्य सुरक्षात्मक कार्य कर रही है, जिससे कटान की रफ्तार कुछ धीमी हुई है, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीएम अविनाश सिंह और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने कपूरपुर पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बचाव कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और नदी के कटान को रोकने के प्रयास तेज करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों की मांग है कि मंदिर और आसपास की कृषि भूमि को बचाने के लिए रामगंगा के कटान की स्थायी रोकथाम की व्यवस्था की जाए।

Related Articles

Back to top button