व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान ने
यातायात प्रभारी रवि कुमार नैन को किया सम्मानित
बिजनौर। व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान रजि० बिजनौर के प्रतिनिधिमंडल ने सावन माह की कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रभारी यातायात पुलिस रवि कुमार नैन को पुलिस लाइन स्थित यातायात कार्यालय पहुंचकर सम्मानित किया।
प्रतिनिधिमंडल ने रवि कुमार नैन को शॉल ओढ़ाकर एवं बुके भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर प्रतिनिधियों ने कहा कि इस वर्ष जनपद बिजनौर में कांवड़ यात्रा का संचालन अत्यंत व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से किया गया। यात्रा के दौरान किसी बड़ी घटना या दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई तथा लड़ाई-झगड़े एवं फसाद जैसी घटनाओं से भी माहौल पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा।
व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान ने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार सभी त्योहारों एवं धार्मिक आयोजनों का संचालन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में होता रहे। संस्था ने कहा कि व्यापारियों द्वारा भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया।
प्रभारी यातायात रवि कुमार नैन ने सम्मान के लिए व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान का आभार व्यक्त करते हुए कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में व्यापारियों एवं आमजन के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में खगेश कुमार शर्मा जिला महामंत्री, संजू शर्मा जिला मंत्री, प्रदीप अग्रवाल जिला संगठन मंत्री, अरविंद ठाकुर उप कोषाध्यक्ष, ब्रह्मपाल सिंह, अनुराग शर्मा सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।




