bareillyuttar pradeshराशिफल

बीपीएल कार्डधारकों को राहत, 18 रुपये किलो मिलेगी चीनी

सितंबर से नवंबर तक तीन माह की चीनी एक साथ वितरित होगी

बरेली। त्योहारों के बीच बाजार में चीनी की बढ़ती कीमतों से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। जिले के बीपीएल कार्डधारकों को सितंबर, अक्टूबर और नवंबर माह की चीनी एक साथ 18 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध कराई जाएगी। जिला पूर्ति विभाग ने इसके लिए राशन दुकानों पर चीनी का उठान शुरू करा दिया है।
जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह के अनुसार जिले में कुल 99,687 बीपीएल कार्डधारक हैं। इन सभी कार्डधारकों को तीन माह की चीनी एक साथ वितरित की जाएगी। हालांकि, प्रति बीपीएल कार्ड प्रत्येक माह के लिए केवल एक किलो चीनी ही निर्धारित है। परिवार में यूनिट की संख्या अधिक होने पर भी चीनी की मात्रा नहीं बढ़ेगी।
विभाग के अनुसार राशन वितरण की प्रक्रिया आठ सितंबर से 25 सितंबर के बीच प्रस्तावित है। फिलहाल राशन विक्रेताओं द्वारा खाद्यान्न के साथ चीनी का भी उठान किया जा रहा है। अंतिम वितरण तिथि विभाग की ओर से तय की जानी बाकी है।
वर्तमान में खुले बाजार में चीनी का भाव करीब 65 से 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। ऐसे में सरकारी राशन दुकानों से 18 रुपये किलो की दर पर चीनी मिलने से बीपीएल परिवारों को बाजार की तुलना में काफी कम कीमत पर चीनी उपलब्ध होगी।
त्योहारों के मौसम में चीनी की बढ़ती मांग और कीमतों के बीच सरकार की इस व्यवस्था से जरूरतमंद परिवारों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button