bareillyuttar pradeshप्रशासनराष्ट्रीय

ईद मिलादुन्नबी पर बरेली में दो दिन रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

भारी वाहनों और रोडवेज बसों के बदले रूट

बरेली। ईद मिलादुन्नबी और शराफत मियां उर्स के जुलूस को देखते हुए बरेली में 25 अगस्त की शाम छह बजे से 26 अगस्त की रात तक यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। यातायात पुलिस ने रूट प्लान जारी करते हुए लोगों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और डायवर्जन का पालन करने की अपील की है।

शहर के कई प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। मिनी बाईपास, इज्जतनगर तिराहा, डेलापीर तिराहा, ईसाइयों की पुलिया, वियावान कोठी, ऑफिसर्स मैस तिराहा और सैटेलाइट तिराहा से शहर की ओर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। रामगंगा तिराहे से चौपला की ओर भी भारी वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।
लखनऊ जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की ओर से आने वाले लखनऊ जाने वाले भारी वाहन झुमका तिराहा से विलवा, विलयधाम और इन्वर्टिस होकर जाएंगे। वापसी में भी यही मार्ग रहेगा। बदायूं जाने वाले भारी वाहन बड़े बाईपास, इन्वर्टिस तिराहा, फरीदपुर और बुखारा मोड़ होकर संचालित होंगे।

रोडवेज बसों के रूट में भी बदलाव

दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर से आने वाली रोडवेज बसें मिनी बाईपास, इज्जतनगर तिराहा, डेलापीर तिराहा, 100 फुटा पूर्वी और सुरेश शर्मा नगर होते हुए सैटेलाइट बस स्टैंड जाएंगी। नैनीताल और पीलीभीत रोड से आने वाली बसों के लिए भी 100 फुटा पूर्वी और सुरेश शर्मा नगर होकर सैटेलाइट पहुंचने का मार्ग निर्धारित किया गया है।
बरेली-बदायूं मार्ग की बसें वियावान कोठी, ऑफिसर्स मैस तिराहा, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहा होकर चलेंगी।

भीड़ बढ़ी तो छोटे वाहनों पर भी लगेगी रोक

जुलूस के दौरान भीड़ बढ़ने पर चार पहिया वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा भी कुछ मार्गों पर रोके जा सकते हैं। अशोक नगर तिराहा, सूद धर्मकांटा से कोहाड़ापीर, मूर्ति नर्सिंग होम से गंगापुर और मठ की चौकी, श्यामगंज चौराहे से कालीबाड़ी, बरेली कॉलेज, पटेल चौक और चौपला चौराहे से नावल्टी की ओर यातायात प्रतिबंधित किया जा सकता है।

एसपी ट्रैफिक अकमल खां ने शहरवासियों से अपील की है कि ईद मिलादुन्नबी और शराफत मियां उर्स के जुलूस के दौरान यातायात पुलिस की ओर से जारी डायवर्जन प्लान का पालन करें। उन्होंने कहा कि लोग निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और जुलूस के दौरान प्रतिबंधित रास्तों पर जाने से बचें। भीड़ की स्थिति के अनुसार यातायात व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button