bareillyuttar pradeshराष्ट्रीय

त्योहारी सीजन में चीनी की बढ़ती मांग ने बढ़ाई चिंता

मिलों का स्टॉक खत्म

बरेली। त्योहारी सीजन शुरू होते ही चीनी की मांग में तेजी आ गई है। पिछले एक महीने में चीनी के दाम में करीब 1,200 रुपये प्रति क्विंटल तक की बढ़ोतरी हुई है। मांग बढ़ने और मिलों में स्टॉक घटने के कारण सितंबर तक कीमतों में तेजी बने रहने के आसार हैं।
होलसेल शुगर एसोसिएशन बरेली के महामंत्री श्रीकृष्ण अग्रवाल के मुताबिक, त्योहारी सीजन में चीनी की खपत सामान्य दिनों के मुकाबले काफी बढ़ जाती है। सालाना खपत का करीब एक चौथाई हिस्सा इसी दौरान बिकता है। स्टॉक कम होने की आशंका में खुदरा कारोबारी भी पहले से अधिक चीनी खरीद रहे हैं। पहले पांच कट्टे खरीदने वाले व्यापारी अब करीब 10 कट्टे तक खरीद रहे हैं।
बहेड़ी की केसर और बहादुरगढ़ चीनी मिल का स्टॉक खत्म हो चुका है। केसर मिल ने स्टॉक बेचकर किसानों का भुगतान किया है, जबकि बहादुरगढ़ मिल इस पेराई सत्र में महज 10 दिन चली। मीरगंज की धामपुर शुगर मिल का पूरा स्टॉक भी गोरखपुर की एक फर्म ने खरीद लिया है।
हालांकि बाजार में फिलहाल चीनी की उपलब्धता बनी हुई है। फरीदपुर की द्वारिकेश चीनी मिल के पास करीब 1.33 लाख क्विंटल और सेमीखेड़ा सहकारी चीनी मिल के पास करीब 90 हजार क्विंटल चीनी उपलब्ध बताई गई है। दोनों मिलें खुले बाजार में बिक्री के साथ निर्यात भी करती हैं।
चीनी की आपूर्ति पर सावन के दौरान बंद किए गए मार्गों का भी असर पड़ा। लखीमपुर और गोला क्षेत्र से आने वाले वाहनों को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ा, जिससे परिवहन समय और लागत बढ़ी। महंगे ईंधन को भी कीमत बढ़ने की एक वजह बताया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button