अलर्टः बाढ़ के खतरे को लेकर तटबंधों का किया निरीक्षण
अधिशासी अभियंता ने संवेदनशील क्षेत्रों का लिया जायजा, 24 घंटे निगरानी के निर्देश
बिजनौर, संवाददाता। मानसूनी बारिश के बीच संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए अफजलगढ़ सिंचाई खंड धामपुर अलर्ट मोड पर है। तटबंधों की स्थिति और बाढ़ से बचाव की तैयारियों को परखने के लिए अधिशासी अभियंता अरुण सचदेवा ने तकनीकी टीम के साथ उपखंड प्रथम नगीना के अंतर्गत आने वाले अति संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने खो नदी पर स्थित सारंगवाला तटबंध, सुंदरवाली तटबंध और मार्जिनल बंध समेत आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का जायजा लिया। अधिकारियों ने तटबंधों की स्थिति, नदी के जलस्तर और संभावित कटाव वाले स्थानों की जानकारी ली। अधिशासी अभियंता ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित सहायक अभियंताओं और कनिष्ठ अभियंताओं को बाढ़ संभावित क्षेत्रों तथा तटबंधों पर 24 घंटे निगरानी रखने को कहा। नदी के जलस्तर में होने वाले बदलाव और तटबंधों की स्थिति की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिशासी अभियंता अरूण सचदेवा ने कहा कि बाढ़ के दौरान किसी भी विषम या आपात स्थिति से निपटने में देरी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए विभागीय टीम को आवश्यक सामग्री और पर्याप्त श्रमबल के साथ अलर्ट मोड पर रहने की हिदायत दी गई। संवेदनशील स्थानों पर किसी भी तरह की समस्या सामने आने पर तत्काल सुरक्षात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। मानसून के दौरान नदी के जलस्तर और तटबंधों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए, ताकि संभावित खतरे को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान जेई देवेंद्र कुमार शर्मा, चंद्रकुश चौहान समेत विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




