हर हर महादेव’ के जयघोष के बीच कांवड़ सेवा शिविर में
पहुंचे महापौर सुनीता दयाल व विधायक संजीव शर्मा
शिवभक्तों की सेवा को बताया पुण्य कार्य, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के सेवा अभियान की जमकर सराहना
गाजियाबाद। (आप अभीतक) सावन की पावन कांवड़ यात्रा के दौरान गाजियाबाद में ‘सेवा ही धर्म है’ की भावना उस समय और मजबूत दिखाई दी, जब अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल द्वारा कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए लगाए गए विशाल सेवा शिविर में महापौर सुनीता दयाल और विधायक संजीव शर्मा पहुंचे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने शिविर में पहुंचकर कांवड़ियों की सेवा की और व्यापार मंडल द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की। सेवा शिविर में पहुंचते ही वातावरण ‘बोल बम’, ‘हर हर महादेव’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयघोष से गूंज उठा। महापौर सुनीता दयाल और विधायक संजीव शर्मा ने कांवड़ यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा सेवा में जुटे व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा श्रद्धा, आस्था और विश्वास का पर्व होने के साथ-साथ सेवा और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। दूर-दराज से पैदल यात्रा कर आने वाले शिवभक्तों की सेवा करना अत्यंत पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा शिविर समाज में सहयोग, भाईचारे और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का काम करते हैं।
विधायक संजीव शर्मा ने भी व्यापार मंडल के सेवा अभियान की सराहना करते हुए कहा कि भगवान शिव के भक्तों की सेवा में जिस प्रकार व्यापारी समाज और सामाजिक कार्यकर्ता जुटे हैं, वह सराहनीय है। कांवड़ यात्रियों को भोजन, पेयजल और विश्राम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने सेवा में लगे सभी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की। इस अवसर पर मंत्री कैप्टन विकास गुप्ता ने भी सेवा शिविर का शुभारंभ करते हुए कांवड़ यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। उनके पी.एस.ओ. विपुल अग्रवाल भी मौजूद रहे। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, गाजियाबाद के जिलाध्यक्ष संदीप बंसल के नेतृत्व में आयोजित सेवा शिविर में शिवभक्तों के लिए भोजन, शीतल पेयजल और विश्राम सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। शिविर में पहुंचने वाले कांवड़ यात्रियों का व्यापारी एवं कार्यकर्ता पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ स्वागत कर रहे हैं। इस दौरान हर्ष बंसल, अनिल गर्ग, दीपक गर्ग, संजय गुप्ता, राजेश बंसल, अरुण मित्तल, अनिल गुप्ता, नितिन मित्तल, महेंद्र कुमार, विनोद अग्रवाल, प्रेम प्रकाश चीनी, सुंदरलाल, राहुल कंसल, अरुण गुप्ता, विकासशील वर्मा, गणेश मित्तल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सेवा शिविर में उमड़ी श्रद्धा और उत्साह ने यह संदेश दिया कि भगवान शिव की भक्ति केवल मंदिरों में पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं है, बल्कि शिवभक्तों की सेवा, सहयोग और उनके सफर को सुगम बनाने में भी सच्ची शिवभक्ति निहित है।




