Ghaziabaduttar pradeshराजनीति

कांग्रेस संगठन में मुस्लिम प्रतिनिधित्व बढ़ाने की मांग तेज

राजेंद्र पाल गौतम को ज्ञापन, दिल्ली बैठक में भी उठी आबादी के अनुसार टिकट और संगठन में हिस्सेदारी की आवाज

गाजियाबाद। जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग, गाजियाबाद के जिलाध्यक्ष सलीम अहमद (सैफी) ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम को ज्ञापन सौंपकर गाजियाबाद जनपद से मुस्लिम समाज को संगठन में सम्मानजनक और समुचित प्रतिनिधित्व देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सामाजिक न्याय की विचारधारा को संगठनात्मक नियुक्तियों में भी प्रभावी रूप से लागू किया जाना चाहिए।
ज्ञापन में कहा गया है कि गाजियाबाद जनपद में लगभग आठ लाख मुस्लिम मतदाता हैं, जो लंबे समय से कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा के प्रति विश्वास रखते आए हैं। जिले की सभी पांच विधानसभा सीटों पर मुस्लिम समाज की निर्णायक भूमिका होने के बावजूद संगठनात्मक स्तर पर उसकी भागीदारी जनसंख्या और राजनीतिक योगदान के अनुरूप नहीं रही है। उन्होंने कहा कि आज तक गाजियाबाद में मुस्लिम समाज से किसी कार्यकर्ता को न तो जिलाध्यक्ष या महानगर अध्यक्ष बनाया गया और न ही प्रदेश संगठन में कोई महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया।
सलीम अहमद (सैफी) ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया कि अन्य प्रमुख राजनीतिक दलों ने मुस्लिम समाज को संगठन और चुनावी राजनीति में पर्याप्त अवसर दिए हैं, जबकि कांग्रेस में प्रतिनिधित्व के अभाव के कारण अल्पसंख्यक समाज का एक वर्ग अन्य दलों की ओर आकर्षित होता है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में संगठन के विभिन्न स्तरों पर सीमित वर्गों का वर्चस्व दिखाई देता है, जिससे दलित, मुस्लिम तथा अन्य वंचित वर्गों को अपेक्षित अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी लगातार ‘जिसकी जितनी भागीदारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी’ के सिद्धांत को कांग्रेस की मूल प्रतिबद्धता बताते रहे हैं। ऐसे में आवश्यक है कि इस विचार को संगठनात्मक नियुक्तियों में भी व्यवहारिक रूप से लागू किया जाए।
ज्ञापन के माध्यम से सलीम अहमद (सैफी) ने मांग की कि आगामी उत्तर प्रदेश कांग्रेस संगठन के गठन में गाजियाबाद जनपद से कम से कम चार योग्य, सक्रिय एवं समर्पित मुस्लिम कार्यकर्ताओं को प्रदेश संगठन में सम्मानजनक जिम्मेदारी दी जाए। साथ ही दलित, मुस्लिम एवं अन्य वंचित वर्गों को उनकी भागीदारी के अनुरूप प्रतिनिधित्व सुनिश्चित कर कांग्रेस की सामाजिक न्याय की नीति को और अधिक सशक्त बनाया जाए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि संगठन में सभी वर्गों को समान अवसर और सम्मानजनक भागीदारी मिलेगी तो इससे कांग्रेस पार्टी का जनाधार मजबूत होगा तथा अल्पसंख्यक समाज का विश्वास भी और अधिक सुदृढ़ होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि गत 20 जुलाई को दिल्ली में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम द्वारा पश्चिम उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक बुद्धिजीवियों एवं राजनीतिक प्रतिनिधियों की एक बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में अल्पसंख्यक समाज के प्रतिनिधियों ने पार्टी संगठन तथा चुनावी टिकटों में आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व दिए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। बैठक में गाजियाबाद जनपद का प्रतिनिधित्व करते हुए जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष सलीम अहमद (सैफी) ने भी जनपद के अल्पसंख्यक समाज को संगठन और चुनावी टिकटों में उचित एवं सम्मानजनक भागीदारी दिए जाने की मांग रखी।

Related Articles

Back to top button