रेड क्रॉस का कांवड़ सेवा शिविर शुरू, श्रद्धालुओं को मिल रही राहत
प्राथमिक उपचार, ठंडी शिकंजी और नशामुक्ति का संदेश देकर निभाई जा रही मानव सेवा की जिम्मेदारी
गाजियाबाद। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, गाजियाबाद शाखा द्वारा पवित्र कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्त श्रद्धालुओं की सेवा एवं सहायता के उद्देश्य से प्राथमिक चिकित्सा एवं जनसेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का विधिवत उद्घाटन कांवड़ सेवा की नोडल अधिकारी उपासना पांडे (पीपीएस) तथा जियाउद्दीन अहमद (पीपीएस), सहायक पुलिस आयुक्त, नंदग्राम ने रिबन काटकर एवं नारियल फोड़कर किया। इस अवसर पर रेड क्रॉस के पूर्व सभापति डॉ. सुभाष गुप्ता के नेतृत्व में संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों और स्वयंसेवकों ने सेवा कार्यों का शुभारंभ करते हुए मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में रेड क्रॉस स्वयंसेवक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शिविर में कांवड़ यात्रियों के लिए प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इसके साथ ही भीषण गर्मी और उमस को देखते हुए श्रद्धालुओं को निःशुल्क ठंडी शिकंजी वितरित की गई। हजारों शिवभक्तों ने शिकंजी का सेवन कर राहत महसूस की और रेड क्रॉस की सेवा भावना की मुक्तकंठ से सराहना की।
रेड क्रॉस की ओर से शिविर में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को नशामुक्त समाज का संदेश भी दिया गया। स्वयंसेवकों ने लोगों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने तथा सामाजिक जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर रेड क्रॉस पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि मानव सेवा, स्वास्थ्य संरक्षण, जनजागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को जन-जन तक पहुंचाना भी है। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा की पूरी अवधि के दौरान यह सेवा शिविर निरंतर संचालित रहेगा, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु को आवश्यकता पड़ने पर त्वरित सहायता और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। मानव सेवा और समर्पण की भावना से संचालित यह शिविर कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए राहत का केंद्र बन गया है तथा रेड क्रॉस की सेवा परंपरा को सशक्त रूप से आगे बढ़ा रहा है।




