‘छोटे लोहिया’ को भावभीनी श्रद्धांजलि, समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
गाजियाबाद से दिल्ली तक जनेश्वर मिश्र की जयंती पर आयोजित हुए श्रद्धांजलि समारोह, नेताओं ने सामाजिक न्याय की लड़ाई को बताया उनकी सबसे बड़ी विरासत
गाजियाबाद ( आप अभीतक )। समाजवादी आंदोलन के प्रखर चिंतक, जननायक और ‘छोटे लोहिया’ के नाम से विख्यात स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की जयंती गुरुवार को गाजियाबाद से लेकर दिल्ली तक पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाई गई। समाजवादी पार्टी जिला एवं महानगर गाजियाबाद के तत्वावधान में आयोजित समारोह में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समाजवादी विचारधारा से जुड़े लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र का संपूर्ण जीवन सादगी, ईमानदारी, सामाजिक न्याय और जनसेवा के उच्च आदर्शों का प्रतीक था। उन्होंने सत्ता को कभी लक्ष्य नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सम्मान पहुंचाने का माध्यम माना। गरीबों, किसानों, मजदूरों, दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष आज भी समाजवादी राजनीति की सबसे बड़ी प्रेरणा है।
नेताओं ने कहा कि आज जब सामाजिक समानता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा की आवश्यकता पहले से अधिक महसूस की जा रही है, तब जनेश्वर मिश्र के विचार और सिद्धांत नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं। समाजवादी पार्टी उनके बताए रास्ते पर चलते हुए सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष करती रहेगी।
श्रद्धांजलि सभा में जिला अध्यक्ष फैसल हुसैन एडवोकेट, जिला महासचिव नितिन त्यागी, महानगर महासचिव राजन कश्यप, पूर्व मंत्री दयाराम प्रजापति, वरिष्ठ समाजवादी नेता नाहर सिंह यादव एडवोकेट, स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र के नाती कुलभूषण तिवारी, पूर्व महानगर अध्यक्ष जेपी कश्यप, वरिष्ठ नेता रमेशचंद्र यादव एडवोकेट, महिला सभा प्रदेश महासचिव मधु चौधरी, महिला सभा प्रदेश उपाध्यक्ष राजदेवी चौधरी, अनीता कश्यप, वरिष्ठ नेता नौशाद आलम, जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ताहिर हुसैन सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
-दिल्ली में भी गूंजे समाजवादी विचार
जनेश्वर मिश्र की जयंती पर राजधानी दिल्ली में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद संजय सिंह सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने उन्हें नमन करते हुए उनके समाजवादी दर्शन, सादगीपूर्ण जीवन और जनसेवा के आदर्शों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि जनेश्वर मिश्र का जीवन संघर्ष, समर्पण और जनहित की राजनीति का अनुपम उदाहरण है, जो आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा।




