शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर सपा ने तेज की तैयारी, प्रभारियों की घोषणा
बरेली। समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय, सिविल लाइंस में शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता में सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी मोहम्मद दानिश अख्तर सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने बताया कि समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रभारियों की घोषणा कर दी है। इसके तहत शिव प्रताप यादव को बरेली मंडल के चारों जिलों का प्रभारी बनाया गया है, जबकि कबीर अहमद, संजीव सक्सेना और प्रमोद बिश्व को बरेली जनपद का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
बरेली प्रभारी संजीव सक्सेना ने कहा कि शिक्षक एमएलसी चुनाव संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ चुनाव की तैयारी में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी शिक्षकों के सम्मान, अधिकारों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी का लक्ष्य अधिक से अधिक शिक्षकों तक पहुंचकर उनकी आवाज़ को विधान परिषद में मजबूत प्रतिनिधित्व दिलाना है।
शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी मोहम्मद दानिश अख्तर ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा शिक्षकों के हितों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे शिक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी का समर्थन करें।
पत्रकार वार्ता में पार्टी पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता के दम पर समाजवादी पार्टी शिक्षक एमएलसी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी।



