uttar pradesh

खोड़ा में विकास कार्यों का निरीक्षण

अमरपाल शर्मा ने दिए तेजी लाने के निर्देश

स्थानीय लोगों ने सड़क, जलनिकासी समेत अन्य कार्यों की सराहना की

गाजियाबाद (लायक हुसैन)।खोड़ा नगर पालिका क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का रविवार को साहिबाबाद के पूर्व विधायक पंडित अमरपाल शर्मा ने निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न निर्माण स्थलों पर पहुंचकर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ सभी परियोजनाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अमरपाल शर्मा ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए जनता को जल्द से जल्द उनका लाभ मिलना चाहिए।
खोड़ा नगर पालिका की अध्यक्ष मोहिनी शर्मा के कार्यकाल में चल रहे विकास कार्यों को लेकर स्थानीय लोगों ने संतोष जताया। कई लोगों का कहना था कि क्षेत्र में सड़क, नाली और जलनिकासी व्यवस्था में लगातार सुधार हुआ है। नागरिकों ने कहा कि पहले हल्की बारिश में भी जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित हो जाता था, लेकिन अब स्थिति में काफी बदलाव आया है।
क्षेत्र के लोगों ने यह भी कहा कि पंडित अमरपाल शर्मा के विधायक रहने के दौरान शुरू हुए विकास कार्यों की गति आज भी बनी हुई है। उनका कहना था कि खोड़ा की पहचान अब विकास कार्यों के कारण बदल रही है और मूलभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है।
साहिबाबाद विधानसभा के सबसे अधिक मतदाताओं वाले क्षेत्र खोड़ा में कुछ स्थानीय लोगों ने अमरपाल शर्मा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी। वहीं, नागरिकों ने नगर पालिका अध्यक्ष मोहिनी शर्मा द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की भी प्रशंसा की और कहा कि विकास की रफ्तार लगातार बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button