बरेली में कोटेदार के बेटे का विवादित वीडियो वायरल,
सांप्रदायिक टिप्पणी के आरोप में हिरासत; राशन की दुकान सील
भुता (बरेली)। बरेली के भुता थाना क्षेत्र के गांव केसरपुर में एक कोटेदार के बेटे का कथित विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। वीडियो में युवक पर हिंदू उपभोक्ताओं को राशन न देने और प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप लगे हैं। मामले में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज किया है, जबकि पूर्ति विभाग ने कोटेदार की सरकारी राशन दुकान सील कर खाद्यान्न जब्त कर लिया है।
ग्रामीण भगवत शरण के अनुसार, वह बुधवार को सरकारी राशन लेने के लिए कोटेदार के पास पहुंचे थे, लेकिन उनका अंगूठा लगाने से मना कर दिया गया। आरोप है कि इस दौरान कोटेदार के 19 वर्षीय बेटे आदिल ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया, प्रधानमंत्री के लिए आपत्तिजनक शब्द कहे और कथित तौर पर हिंदू उपभोक्ताओं को राशन न देने की बात कही। विरोध करने पर मारपीट का भी आरोप लगाया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
भुता थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक शिकायत मौखिक थी, जिसके बाद पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच कराई। जांच में वीडियो की पुष्टि होने पर पुलिस की ओर से स्वयं मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपी आदिल को हिरासत में ले लिया गया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
उधर, वायरल वीडियो की जानकारी मिलने के बाद जिला पूर्ति विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर कोटेदार की दुकान सील कर दी और वहां रखा खाद्यान्न जब्त कर लिया। जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि पात्र उपभोक्ताओं के अधिकारों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस और प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ सामग्री साझा करने से बचने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।




