ट्रांसपोर्ट बुकिंग के नाम ठगी करने वाले 4 पकड़े
गाजियाबाद। ट्रांसपोर्ट बुकिंग के लिए जस्ट डायल पर संपर्क करने वाले ग्राहकों को निशाना बनाकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का स्वाट टीम और मुरादनगर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कीपैड मोबाइल फोन और चार मोबाइल बिल बरामद किए हैं। गिरोह के चार अन्य साथी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि मामले में सौरभ सिंह, राकेश सिंह, अभिषेक अवस्थी और दशमेश को गिरफ्तार किया है। जांच में उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में हुई साइबर ठगी की चार घटनाओं का खुलासा हुआ है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने जस्ट डायल पर ट्रांसपोर्ट कंपनी के नाम से फर्जी आईडी बना रखी थी। जस्ट डायल से सामान भेजने के इच्छुक ग्राहकों का संपर्क मिलने पर उन्हें फोन कर वाहन उपलब्ध कराने का झांसा देते थे। किराया तय होने के बाद ग्राहकों से 10 से 50 प्रतिशत तक एडवांस आॅनलाइन जमा करा लेते थे। इसके बाद वाहन उपलब्ध कराए बिना मोबाइल नंबर बंद कर देते थे।




