बूथ स्तर पर सक्रिय हुई जनसेवक टीम
मतदाता जागरूकता और एसआईआर प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए घर-घर संपर्क अभियान
गाजियाबाद (आप अभीतक) । मतदाता सूची की शुद्धता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान अधिकार को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जनसेवक टीम ने बूथ स्तर पर अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। टीम योजनाबद्ध रणनीति के तहत क्षेत्र में घर-घर पहुंचकर लोगों को मतदाता सूची में नाम की जांच, आवश्यक संशोधन तथा एसआईआर (Special Intensive Revision) प्रक्रिया के प्रति जागरूक कर रही है। जनसेवक टीम का मानना है कि प्रत्येक वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। यदि किसी मतदाता का नाम सूची से कट जाता है या वह मतदान से वंचित रह जाता है, तो इसका सीधा प्रभाव लोकतांत्रिक व्यवस्था और क्षेत्र के विकास पर पड़ता है। सही प्रतिनिधि के चुनाव में प्रत्येक वोट की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, जबकि मतदान से दूरी या मतदाता सूची में त्रुटियां गलत नेतृत्व को बढ़ावा दे सकती हैं। टीम लोगों को यह भी समझा रही है कि जनप्रतिनिधियों का चुनाव सीधे तौर पर क्षेत्र की सड़क, पेयजल, शिक्षा, सार्वजनिक परिवहन, रोजगार और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ा होता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना और मतदान करना लोकतांत्रिक जिम्मेदारी के साथ-साथ अपने भविष्य को सुरक्षित करने का भी माध्यम है। जनसेवक टीम के प्रमुख कार्यकर्ताओं में शामिल जितेंद्र गढ़वाली, वीर सिंह, लक्ष्मी चंद, हबीब सलमानी, नसीम अहमद, सलीम खान, समीर अहमद और मुख्तार खान बूथ स्तर पर मोर्चा संभाले हुए हैं। सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ एसआईआर की कार्यवाही को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को प्रक्रिया से जोड़ने में जुटे हैं। जनसेवक टीम का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी राजनीतिक लाभ से अधिक लोकतांत्रिक भागीदारी को मजबूत करना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित न रहे और क्षेत्र के विकास में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सके।




