Ghaziabaduttar pradesh

मिशन शक्ति से छात्राओं को सुरक्षा का संबल

एमएमएच बालिका विद्यालय में एसीपी उपासना पाण्डेय ने दिए जागरूकता के टिप्स

 

गाजियाबाद (लायक हुसैन)I महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत बुधवार को कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित एमएमएच बालिका विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त (कोतवाली नगर) उपासना पाण्डेय ने मिशन शक्ति टीम के साथ विद्यालय पहुंचकर छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
एसीपी उपासना पाण्डेय ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, साइबर अपराध, धमकी या असुरक्षा की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत पुलिस और संबंधित विभागों से संपर्क करें। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने और किसी भी घटना की सूचना बिना संकोच देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा के लिए संचालित हेल्पलाइन नंबर 112 (आपातकालीन पुलिस सेवा), 1090 (महिला पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही इन सेवाओं का सही समय पर उपयोग कर त्वरित सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई। मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए।

Related Articles

Back to top button