मुज़फ्फ़रनगर

एमएड द्वितीय सेमेस्टर परिणाम में छात्राओं का दबदबा, आस्था बनीं टॉपर

श्रीराम कॉलेज (स्वायत्तशासी), मुजफ्फरनगर के परीक्षा परिणाम में छात्रों का शानदार प्रदर्शन

मुज़फ्फ़रनगर (अदनान अख़्तर)I जनपद मुज़फ्फ़रनगर के श्रीराम कॉलेज (स्वायत्तशासी) द्वारा एमएड सत्र 2025-27 के द्वितीय सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया। घोषित परिणाम में छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। विशेष बात यह रही कि इस बार छात्राओं का दबदबा देखने को मिला और उन्होंने शीर्ष स्थानों पर कब्जा जमाया। परीक्षा परिणाम में आस्था ने 90.23 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। दीपक गर्ग ने 89.32 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि वर्णिका दयाल ने 87.95 प्रतिशत अंक अर्जित कर तृतीय स्थान हासिल किया। तीनों मेधावी विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिसर में हर्ष का माहौल रहा। सफल विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय भगवान, माता-पिता एवं अपने गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के शिक्षकों का मार्गदर्शन, विषयों पर उनकी गहरी पकड़ तथा नियमित सहयोग उनकी सफलता की सबसे बड़ी वजह रहा। शिक्षकों द्वारा कठिन विषयों को सरल ढंग से समझाए जाने से परीक्षा की तैयारी में काफी सहायता मिली। इस अवसर पर श्रीराम कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. सौरभ मित्तल ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और अध्ययन के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय और अपने परिवार का नाम रोशन करने का आह्वान किया। महाविद्यालय के डीन एकेडमिक्स डॉ. विनीत कुमार शर्मा ने भी सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि श्रीराम कॉलेज गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है, जिसका परिणाम विद्यार्थियों की शानदार सफलता के रूप में सामने आ रहा है। विद्यार्थियों के सम्मान समारोह के दौरान शिक्षा संकाय की डॉ. विधि सिंह, रीतु गर्ग, सपना सिंघल सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आने वाले सेमेस्टरों में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी सफल विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि श्रीराम कॉलेज के विद्यार्थी भविष्य में शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे।

Back to top button