दिल्ली के बदरपुर में 17 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या, इलाके में सनसनी

दिल्ली से संवाददाता (अयूब खान)I राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बदरपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 17 वर्षीय यश नामक किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यश को उसका एक परिचित पेट्रोल डलवाने का बहाना बनाकर घर से अपने साथ बाइक पर ले गया। आरोप है कि दोनों मोलड़बंद स्थित 40 फुटा रोड पहुंचे, जहां यश पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला किया गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। हत्या के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि परिजन गहरे सदमे में हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और आरोपियों के संबंध में आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।