सनसनीः गंग नहर फेज-टू में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला
पुलिस ने शव की शिनाख्त के किए प्रयास
-जहांनाबाद गंज के पास पानी में तैरता मिला शव
-पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बिजनौर/गंज (हिटी)। शहर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को गंग नहर फेज-टू में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। जहानाबाद गंज गांव के समीप नहर के किनारे से गुजर रहे ग्रामीणों ने पानी में शव तैरता देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने शव की शिनाख्त के प्रयास किए।
रविवार को कुछ ग्रामीण जहानाबाद गंज के समीप से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर गंग नहर फेज-टू के पानी में तैर रहे एक व्यक्ति के शव पर पड़ी। शव दिखाई देने पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय व शहर कोतवाल अवनीत मान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव गली-सड़ी अवस्था में था और काफी समय से पानी में पड़े होने की आशंका जताई जा रही है। मृतक के शरीर पर कोई कपड़ा भी नहीं था।
पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास के थानों से लापता लोगों की जानकारी जुटाने के साथ ही शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
प्रथम दृष्टियां शव कई दिन पुराना लग रहा है। शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण बता चलेगा।
-अभय कुमार पांडेय, सीओ सिटी




