bijnoruttar pradeshराष्ट्रीय

दहशतः नई पुलिस लाइन के पास सड़क पर दिखा गुलदार

घूम रहे गुलदार की पुलिसकर्मी ने खींची फोटो

-पुलिसकर्मियों के शोर से जंगल में भागा गुलदार

बिजनौर, संवाददाता। बिजनौर-मंडावर मार्ग पर जंगल में बनी नई पुलिस लाइन के पास शनिवार शाम गुलदार दिखाई देने से पुलिसकर्मियों में भय व्याप्त हो गया। पुलिस लाइन के सामने सड़क पर घूम रहे गुलदार की पुलिसकर्मी ने फोटो भी खींच ली। पुलिसकर्मियों के शोर मचाने व आहट पाकर गुलदार जंगल की ओर चला गया।
बताया गया कि शनिवार को शाम के समय अंधेरा होने पर कुछ पुलिसकर्मी टहलने के लिए पुलिस लाइन से बाहर निकले थे। इसी दौरान उन्होंने निर्माणाधीन साइबर सेल भवन के सामने सड़क पर बिजली की रोशनी में गुलदार को घूमते देखा। गुलदार को देखकर पुलिसकर्मी भी सतर्क हो गए। कुछ देर सड़क पर घूमने के बाद गुलदार पुलिसकर्मियों को देखकर जंगल की ओर चला गया।
पुलिसकर्मियों के अनुसार, नई पुलिस लाइन के आसपास गुलदार की आवाजाही पहले भी देखी जाती रही है। जंगल से सटे होने के कारण अक्सर गुलदार सड़क और आसपास के क्षेत्र में दिखाई देता है। इससे पुलिस लाइन में रहने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों में भी भय बना हुआ है।
पुलिसकर्मियों ने जंगल में खेती करने जाने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उनका कहना है कि लोग अकेले और खाली हाथ जंगल न जाएं। खेतों में जाते समय लाठी-डंडे साथ रखें और समूह में ही आने-जाने का प्रयास करें। पुलिसकर्मियों ने वन विभाग से पुलिस लाइन के आसपास निगरानी बढ़ाने और आवश्यकता होने पर पिंजरा लगाने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button