कोहराम: फांसी के फंदे पर लटका मिला 13 वर्षीय छात्र का शव
स्कूल में साथी से विवाद के बाद घर में मिला शव -परिजनों ने लगाया आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
बिजनौर/कोतवाली देहात, (हिटी)। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम ककराला में मंगलवार देर शाम उस समय कोहराम मच गया, जब कक्षा आठ के 13 वर्षीय छात्र का शव घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने छात्र के साथी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की। हंगामे के चलते परिजनों ने कुछ समय तक शव नहीं उठने दिया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
क्षेत्र के ग्राम ककराला निवासी मोहित सैनी (13) पुत्र मानसिंह सैनी जनता इंटर कॉलेज महुआ में कक्षा आठ का छात्र था। परिजनों के अनुसार मंगलवार को स्कूल में मोहित का गांव के ही रहने वाले कपिल से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि स्कूल से लौटते समय रास्ते में भी दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान कपिल की मां द्वारा मोहित के घर पहुंचकर शिकायत करने की बात भी सामने आई है।
बताया गया कि कपिल की मां के शिकायत करने के बाद मोहित के परिजन जंगल चले गए थे। कुछ समय बाद जब वे घर लौटे तो मोहित कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। यह देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी आसपास के ग्रामीणों को हुई तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर सीओ नगीना राजेश कुमार और थाना प्रभारी कोतवाली देहात सुनील सहरावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
—-
परिजनों ने साथी पर लगाया आरोप
परिजनों ने मोहित के साथी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए उसकी गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने आरोपों की जांच कर कार्रवाई होने तक शव उठाने से भी इनकार किया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया।
—
कोट —
मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
-राजेश सोलंकी, सीओ नगीना




