हंगामाः बच्चा चोरी के शक में ग्रामीणों ने दो अधेड़ों को पीटा
बच्ची को उठाने के प्रयास का आरोप
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को बचाया
स्योहारा, संवाददाता। स्योहारा थाना क्षेत्र के ग्राम मलकपुर बुडेरन में बच्चा चोरी के शक में ग्रामीणों ने दो अधेड़ों को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मंगलवार को क्षेत्र के ग्राम मलकपुर बुडेरन निवासी अबरार की पांच वर्षीय बेटी अनम शाम करीब पौने छह बजे गांव की एक दुकान से सामान खरीदने गई थी। बच्ची की चाची का आरोप है कि दुकान के पास दो अधेड़ व्यक्ति बाइक के साथ खड़े थे। इनमें एक ने पीले रंग के कपड़े और दूसरे ने काले कपड़े पहन रखे थे। आरोप है कि दोनों ने बच्ची को उठाने का प्रयास किया। बच्ची के शोर मचाने पर दोनों उसे छोड़कर बाइक से स्योहारा की ओर भागने लगे। इसी दौरान बच्ची के चाचा सलमान पुत्र अनवार ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर काफी ग्रामीण बाइक सवार दोनों व्यक्तियों के पीछे लग गए। ग्रामीणों ने दोनों को ग्राम पीथापुर के पास पकड़ लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी। घटना के बाद बच्ची काफी डरी और सहमी हुई है।
थानाध्यक्ष संजय तोमर ने बताया कि जानकारी मिली है कि दोनों व्यक्ति स्योहारा में लाइन पार क्षेत्र में किसी व्यक्ति के यहां आकर रुकते रहे हैं। पुलिस उस व्यक्ति का भी पता लगाकर दोनों से पूछताछ कर रही है। बाइक से भीख मांगने की बात को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
थानाध्यक्ष संजय तोमर का कहना है कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
—
पुलिस ने मौके पर पहुंच दोनों को हिरासत में लिया
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों व्यक्तियों को ग्रामीणों से बचाकर हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी संजय कुमार तोमर ने बताया कि पकड़े गए दोनों व्यक्ति केलाखेड़ा, बाजपुर, जिला ऊधम सिंह नगर के रहने वाले हैं। पूछताछ में दोनों के बाइक से घूमकर भीख मांगने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान जगपाल सिंह पुत्र सियाराम और खच्चौडू पुत्र रब्बू के रूप में हुई है। दोनों के पास से यूके-18ई-2067 नंबर की बाइक बरामद हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों हरबोला समुदाय से संबंधित हैं।




