Ghaziabaduttar pradeshराजनीतिराष्ट्रीय

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ने लोनी में निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

विपक्षियों के हाथ में कहीं नहीं दिखता तिरंगा: एके शर्मा

गाजियाबाद। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने लोनी विधायक नन्द किशोर गुर्जर के साथ खन्ना नगर, लोनी में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। इस अवसर पर मंत्री एके शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से देश के गौरव, सम्मान और स्वाभिमान को नई ऊंचाई देने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
मंत्री श्री शर्मा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज विपक्ष के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है और वह केवल विरोध की राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश के सम्मान और तिरंगे के प्रति हर भारतीय का दायित्व है कि वह राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखे, किंतु आज विपक्षियों के हाथ में कहीं भी तिरंगा नहीं दिखता। राहुल गांधी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यदि उन्हें देश के विश्वविद्यालयों और युवाओं से इतना ही प्रेम था तो उन्होंने विदेश में पढ़ाई क्यों की।विपक्ष के लोग और राहुल गांधी अगर कभी चटाई पर बैठकर पढ़ाई किए होते, साथ ही गांव गरीब के बच्चों के संघर्ष को करीब से देखा होता तो आज छात्रों के दर्द को अच्छे से समझ पाते। उन्होंने कहा कि विपक्ष की पूर्ववर्ती सरकारों के समय प्रयागराज स्थित लोक सेवा आयोग जैसी संस्थाओं में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का बोलबाला था, जबकि आज पारदर्शिता और सुशासन को प्राथमिकता दी जा रही है। डबल इंजन की सरकार ने उत्तर प्रदेश का कायाकल्प किया है और प्रदेश आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद भी तेजी से विकसित हो रहा है और आधुनिक सुविधाओं तथा बेहतर नागरिक सेवाओं की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

एकजुट रहने की अपील

मंत्री श्री शर्मा ने सभी नागरिकों से राष्ट्रविरोधी ताकतों से सतर्क रहने और देश की एकता, अखंडता एवं सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारे राष्ट्र के गौरव का प्रतीक है और हमें इसके साथ देश की संस्कृति, सांस्कृतिक विरासत तथा राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों का सदैव सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार लोनी और पूरे गाजियाबाद के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। लोनी के विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

Related Articles

Back to top button