हाउस टैक्स के खिलाफ आंदोलन तीखा,
15 अगस्त को 12 व्यापारियों के आत्मदाह की चेतावनी
आठवें दिन भी धरना जारी, राजकिशोर गुप्ता ने प्रशासन को चेताया—स्वतंत्रता दिवस से पहले समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन होगा लेगा नया मोड़
गाजियाबाद (लायक हुसैन)। नगर निगम द्वारा बढ़ाए गए हाउस टैक्स के विरोध में नवयुग मार्केट में हाउस टैक्स विरोधी संघर्ष समिति के नेतृत्व में चल रहा व्यापारियों का धरना गुरुवार को आठवें दिन भी जारी रहा। लगातार आठ दिनों से धरना जारी रहने के बावजूद समाधान नहीं निकलने से व्यापारियों का आक्रोश अब बढ़ता जा रहा है। आंदोलनकारियों ने प्रशासन से स्वतंत्रता दिवस से पहले निर्णायक हस्तक्षेप की मांग की है।
15 अगस्त को आत्मदाह की चेतावनी से बढ़ी चिंता
धरना स्थल पर आंदोलन के आयोजक राजकिशोर गुप्ता ने प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बढ़े हुए हाउस टैक्स के संबंध में व्यापारियों को तत्काल राहत नहीं दी गई और उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं हुआ, तो 15 अगस्त को 12 व्यापारियों द्वारा आत्मदाह जैसा बेहद गंभीर कदम उठाने की घोषणा पर वे अडिग हैं।
समिति ने प्रशासन से अपील की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वार्ता कर समाधान निकाला जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति पैदा न हो। व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि वे टकराव नहीं, बल्कि बातचीत के माध्यम से न्यायपूर्ण समाधान चाहते हैं।
युवा व्यापारियों से आंदोलन की कमान संभालने का आह्वान
युवा दिवस के अवसर पर धरना स्थल से युवा व्यापारियों को आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाने और नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने का आह्वान किया गया। व्यापारियों ने कहा कि नई पीढ़ी अपनी बात मजबूती से रखने और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का साहस रखती है।
समिति ने कहा कि हाउस टैक्स का मुद्दा केवल कुछ व्यापारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर शहर के व्यापारिक वर्ग और आम नागरिकों पर पड़ रहा है। ऐसे में युवा व्यापारियों को आगे आकर आंदोलन को व्यापक बनाने में भूमिका निभानी चाहिए।
प्रशासन को दो टूक—अब युवा शक्ति भी मैदान में
धरना स्थल से नगर निगम और प्रशासन को स्पष्ट संदेश दिया गया कि आने वाले दिनों में युवा व्यापारियों की भागीदारी और बढ़ाई जाएगी। बाजारों में संपर्क अभियान चलाकर व्यापारियों को जागरूक करने तथा आंदोलन के समर्थन में लामबंद करने की तैयारी की जा रही है।
आंदोलनकारियों ने कहा कि ‘अब युवा शक्ति भी आंदोलनरत होगी और अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज बुलंद करेगी।’
15 अगस्त से पहले निर्णय की मांग
व्यापारियों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस लोकतांत्रिक अधिकारों और नागरिक स्वतंत्रता का प्रतीक है। ऐसे महत्वपूर्ण अवसर से पहले प्रशासन को हाउस टैक्स के मुद्दे पर सकारात्मक और ठोस निर्णय लेकर व्यापारियों को राहत देनी चाहिए।
समिति ने चेतावनी दी कि यदि 15 अगस्त से पहले समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को अगले चरण में ले जाने की रणनीति तैयार है। विभिन्न बाजारों से संपर्क कर बाजार बंद कराने सहित आगे के आंदोलन पर सामूहिक निर्णय लिया जाएगा।
2024 की दरों पर हाउस टैक्स लगाने की मांग
हाउस टैक्स विरोधी संघर्ष समिति ने दोहराया कि बढ़ी हुई दरों की समीक्षा करते हुए वर्ष 2024 में लागू दरों के आधार पर हाउस टैक्स निर्धारित किया जाए। व्यापारियों का कहना है कि अतिरिक्त आर्थिक बोझ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। धरना स्थल पर व्यापारियों ने एक स्वर में कहा—
‘बढ़ा हुआ हाउस टैक्स वापस लो, जनता और व्यापारियों को राहत दो। 15 अगस्त से पहले निर्णय लो।’
समिति ने प्रशासन से आग्रह किया कि स्थिति गंभीर होने से पहले तत्काल वार्ता कर समाधान निकाला जाए और किसी भी व्यापारी के जीवन को खतरे में डालने वाली स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए। धरने में राजकिशोर गुप्ता, गौरव गर्ग, सुभाष छाबड़ा, तिलक राज अरोड़ा, राकेश मोहन गर्ग, गौरव बंसल (RWA), हरविंदर गांधी, बिजेन्द्र यादव (कांग्रेस), मो. कासिम, मुनींद्र आर्य, सुभाष गुप्ता, अभिषेक गर्ग, राकेश काका, जय प्रकाश, धूम सिंह, राज कुमार आर्य, सुनील चाचा, अमित वर्मा सहित सैकड़ों व्यापारी एवं नागरिक मौजूद रहे।




