हंगामाः टूटे रास्ते पर बाइक उतारने के 50 रुपये वसूलने का आरोप, किसानों ने चाली उखाड़ी
नारनौर में चांदपुर-हस्तिनापुर मार्ग पर किसानों ने अवैध वसूली को लेकर किया हंगामा
स्थायी समाधान तक रास्ता बंद रखने की चेतावनी
जलीलपुर, संवाददाता। गंगा नदी में आई बाढ़ से टूटे चांदपुर-हस्तिनापुर मार्ग पर अस्थायी व्यवस्था कर बाइक निकालने के नाम पर 50 रुपये वसूले जाने को लेकर किसानों ने हंगामा कर दिया। किसानों ने मौके पर बनाई गई चाली को उखाड़कर रास्ता बंद कर दिया। उन्होंने स्थायी समाधान होने तक रास्ता बंद रखने की चेतावनी दी।
क्षेत्र में पिछले 29 दिनों से बाढ़ के पानी ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा था। गंगा की तेज धार के कारण कई स्थानों पर गांवों, सड़कों और फसलों को नुकसान पहुंचा। मेरठ को जोड़ने वाले चांदपुर-हस्तिनापुर मार्ग पर पांडव नगर पुलिस चौकी के पास नारनौर में सड़क टूट जाने से सैकड़ों ग्रामीण और वाहन चालक परेशान हैं।
बताया गया कि नारनौर गांव के कुछ लोगों ने टूटे हुए मार्ग और सीमेंट के बंबों पर चाली डालकर अस्थायी रास्ता बना रखा था। इस रास्ते से पैदल यात्रियों और बाइक सवारों को निकालने के एवज में कथित तौर पर 50 रुपये प्रति बाइक लिए जा रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर पांडव नगर पुलिस चौकी के पास धरना दे रहे किसानों ने विरोध जताया और मौके पर पहुंचकर चाली उखाड़ दी।
किसानों का कहना है कि बाढ़ के कारण रास्ता टूटने से ग्रामीणों को लंबे समय से परेशानी हो रही है। इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया। किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक मार्ग को ठीक कर आवागमन की स्थायी व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक रास्ता बंद रखा जाएगा।
इस दौरान किसान निखिल त्यागी, सूरज कश्यप, शिवकुमार कौशिक, सुखदेव सिंह, रणजीत सिंह समेत सैकड़ों किसान मौजूद रहे।




