सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री जी के
जन्मदिवस पर जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित
इटावा: ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस के अवसर पर जनपद में जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ माननीय सदर विधायक सरिता भदौरिया जी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदाताओं में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा के लिए रक्तदान कर सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का परिचय दिया।
इस अवसर पर सदर विधायक जी ने कहा कि रक्तदान एक महान सामाजिक सेवा है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने लोगों से स्वेच्छा से रक्तदान करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष जी ने कहा कि सेवा, समर्पण और जरूरतमंदों की सहायता की भावना के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। रक्तदान शिविर इसी सेवा भावना का महत्वपूर्ण उदाहरण है।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच के उपरांत रक्तदान कराया गया। रक्तदान करने वाले सभी लोगों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके इस पुनीत एवं मानवसेवा से जुड़े कार्य के लिए आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, पूर्व सांसद रघुराज शाक्य, अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बी0के0 सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (पुरुष) परितोष शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (महिला) अनिल कुमार, जिला अस्पताल के चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में रक्तदाता उपस्थित रहे।




