bareillyuttar pradeshकैम्पसराष्ट्रीय

जेपीएम कॉलेज में उमंग प्रतिभा उत्सव संपन्न

45 टॉपर्स को मिली 3.50 लाख की छात्रवृत्ति

विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ व्यावहारिक ज्ञान और कौशल अर्जित करने का आह्वान

बरेली। भैरपुरा स्थित जमुना प्रसाद मेमोरियल कॉलेज में आयोजित ‘उमंग प्रतिभा उत्सव एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम’ का द्वितीय दिवस बुधवार को उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बीकॉम, बीबीए, बीएससी कृषि एवं एमएससी कृषि के करीब 225 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान शैक्षणिक उपलब्धि हासिल करने वाले 45 टॉपर्स को श्री श्यामलाल कनौजिया की स्मृति में कुल 3.50 लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि जिला कृषि अधिकारी रितुशा तिवारी ने विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में उपलब्ध नई संभावनाओं, आधुनिक तकनीक और कौशल विकास की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने विषय के सैद्धांतिक ज्ञान के साथ उसका व्यावहारिक पक्ष भी समझना चाहिए। बदलते समय और तकनीक के अनुरूप कौशल विकसित करना सफलता के लिए आवश्यक है।
विशिष्ट अतिथि सहायक जिला मत्स्य अधिकारी डॉ. गायत्री पाण्डेय ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धा के दौर में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता और नए कौशल भी अर्जित करने होंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य के प्रति सजग रहकर निरंतर सीखने और मेहनत करने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के निदेशक डॉ. मनोज काण्डपाल ने अतिथियों और नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार, नैतिक मूल्यों और व्यावहारिक ज्ञान को भी प्राथमिकता देता है। प्रबंध निदेशक आर्की वैभव पटेल ने विद्यार्थियों से कॉलेज में उपलब्ध शैक्षणिक एवं अन्य अवसरों का सदुपयोग कर अपनी प्रतिभा को निखारने की अपील की।
जेपीएम स्कूल की निदेशिका शिखा पटेल और फार्मेसी कॉलेज के निदेशक प्रो. ललित सिंह ने भी विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण का महत्व बताया। कार्यक्रम संयोजिका डॉ. शोभना मिश्रा एवं डॉ. अपर्णा कटियार ने कॉलेज में संचालित विभिन्न शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर चीफ प्रॉक्टर अंकुर टंडन, डीएसडब्ल्यू अमरीश गंगवार, डॉ. रवि शंकर, डॉ. यश पाल सिंह, सुनील कुमार, डॉ. वंदना शर्मा, डॉ. मो. नईम सहित शिक्षक एवं स्टाफ मौजूद रहा। अंत में चीफ प्रॉक्टर अंकुर टंडन ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button