गणेश पूजन के बाद हुआ श्री सनातन धर्म रामलीला का शुभारंभ
गाजियाबाद। विजयनगर मिलिट्री ग्राउंड स्थित श्री सनातन धर्म रामलीला कमेटी में प्रथम पूज्य और श्री गणेश के पूजन से रामलीला का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर शहर विधायक संजीव शर्मा ने भभगवान गणेश की आरती की। कमेटी के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार गुप्ता, महासचिव सतीश शर्मा, कोषाध्यक्ष गिरीश मेहता, सहसंयोजक बाबूराम गौतम, देवेंद्र त्रिपाठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र अग्रवाल, सुनील कुमार शर्मा, सहसचिव रवि कौशिक, उपाध्यक्ष अरविंद कौशिक, विकास त्यागी, मनोज नागर, ने गणपति का गुणगान किया। गणेश पूजन के बाद इक्षवाकु वंश (सूर्यवंशी) के पूर्वज राजा हरिशचंद्र के जीवन पर एक नाटक का मंचन किया। नाटक में बताया गया कि राजा हरिश्चंद्र प्राचीन भारत के प्रसिद्ध और आदर्श सत्यवादी राजा माने जाते हैं। वह अयोध्या के राजा थे और सत्य, धर्म तथा वचन पालन के लिए प्रसिद्ध थे। महर्षि विश्वामित्र ने उनकी सत्यनिष्ठा की परीक्षा लेने के लिए उनसे उनका राज्य और धन मांग लिया। राजा ने अपना सब कुछ दान कर दिया। इसके बाद भी ऋषि की दक्षिणा पूरी करने के लिए उन्होंने स्वयं को और अपने परिवार को भी कठिन परिस्थितियों में रखा। हरिश्चंद्र ने श्मशान में सेवक के रूप में कार्य किया और अपने कर्तव्य का पालन किया। कथा में यह भी बताया गया है कि उन्हें अपने पुत्र रोहिताश्व की मृत्यु का दुःख सहना पड़ा, फिर भी उन्होंने सत्य और कर्तव्य का मार्ग नहीं छोड़ा। अंततः उनकी परीक्षा समाप्त हुई और उन्हें उनका राज्य तथा परिवार वापस प्राप्त हुआ। राजा हरिश्चंद्र की कथा आज भी सत्य, त्याग, धैर्य और वचन पालन की प्रेरणा देती है। कमेटी के कलाकारों ने बड़े ही मार्मिक ढंग से पूरे नाटक का मंचन किया। इससे उपस्थित श्रोता भी भावुक हो गए।




