गजरौला में स्कूल बस ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर
हादसे में छात्रा और चालक घायल सुरक्षा मानकों की मांग
अमरोहा : जनपद के गजरौला में फाजलपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास मंगलवार को एक पब्लिक स्कूल की बस ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। इस हादसे में ई-रिक्शा चालक और एक छात्रा घायल हो गए। ई-रिक्शा में कुल छह छात्राएं सवार थीं।टक्कर के बाद ई-रिक्शा सड़क किनारे एक खोखे से टकराकर रुक गया। स्थानीय लोगों के अनुसार यदि ई-रिक्शा खोखे से नहीं टकराता तो वह पास के नाले में गिर सकता था जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती थी।हादसे में घायल छात्रा की पहचान ज्ञान भारती इंटर कॉलेज की स्वाति के रूप में हुई है।ई-रिक्शा चालक संदीप भी इस घटना में घायल हुआ है।दोनों घायलों को उपचार के लिए गजरौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई है।हादसे की वास्तविक वजह और स्कूल बस के संचालन में नियमों के पालन की स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होगी।




